हाफिज की रिहाई के आदेश पर ट्रंप प्रशासन​ ने जताई नाराजगी

वॉशिंगटन: अमेरिका ने बुधवार को कहा कि मुंबई हमले का मास्टरमाइंड और प्रतिबंधित जमात-उद-दावा का सरगना हाफिज सईद संयुक्त राष्ट्र और अमेरिका दोनों के द्वारा घोषित एक आतंकवादी है। ट्रंप प्रशासन की ओर से यह प्रतिक्रिया पाक की एक अदालत द्वारा सईद को रिहा करने का आदेश देने के कुछ घंटे बाद आई।

आतंकी गतिविधियों में लिप्त होने के कारण अमेरिका ने हाफिज सईद पर 1 करोड़ डॉलर का इनाम घोषित कर रखा है। जनवरी से उसे घर में नजरबंद रखा गया है।पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के न्यायिक समीक्षा बोर्ड के फैसले के बारे में पूछे जाने पर अमेरिकी विदेश विभाग के एक प्रवक्ता ने कहा, ‘अमेरिका को मीडिया रिपोर्ट्स के जरिए इस बात की जानकारी मिली है कि पाकिस्तान (कोर्ट) ने लश्कर-ए-ताइबा के आतंकी हाफिज सईद को नजरबंदी से रिहा करने का आदेश दिया है।’

गौरतलब है कि न्यायिक बोर्ड ने सईद की नजरबंदी को बढ़ाने की सरकार की अपील खारिज कर दी है। गुरुवार को हिरासत की अवधि पूरी होने के बाद हाफिज सईद कभी भी नजरबंदी से रिहा हो सकता है।

एक सवाल के जवाब में विदेश विभाग ने सईद को रिहा करने के फैसले पर नाराजगी जताई। मई 2008 में अमेरिका ने सईद को वैश्विक आतंकवादी घोषित किया था। प्रवक्ता ने कहा, ‘सईद को UNSCR 1267 (संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद प्रस्ताव) के तहत संयुक्त राष्ट्र ने नवंबर 2008 मुंबई हमले के फौरन बाद दिसंबर 2008 में आतंकी घोषित कर दिया था।’ अमेरिका अपने रुख को दोहराता है कि लश्कर-ए-ताइबा एक विदेशी आतंकी संगठन है जो आतंकी हमलों में सैकड़ों निर्दोष लोगों की हत्या का जिम्मेदार है, इनमें कई अमेरिकी नागरिक भी शामिल थे।

Leave A Reply