(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) :उपायुक्त शिमला श्री अमित कश्यप ने नगर निगम शिमला और अन्य सभी विभागों को शिमला नगर में भारी बरसात के कारण संभावित नुकसान को रोकने के लिए समयबद्ध ठोस कदम उठाने के निर्देश दिये हैं।
उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में घरों, सड़क या नालों के आसपास मलवा जमा हो चुका है, उसे वहां से तुरंत हटा दिया जाए, ताकि बारिश के कारण मलवे से किसी भी तरह का नुकसान न हो।
श्री अमित कश्यप ने नगर निगम शिमला, लोक निर्माण विभाग और राष्ट्रीय उच्च मार्ग के अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि सड़कों के किनारे पानी को अवरूद्ध करने वाले मलवा और अन्य अवरोधों को भी अतिशीघ्र हटा दिया जाए।
उपायुक्त ने वन विभाग के अधिकारियों को बरसात के कारण गिरने वाले पेड़ों को तुरंत हटाने के लिए पुख्ता प्रबंध करने के निर्देश दिये, ताकि सड़कों में यातायात अवरूद्ध न हो। जिन पेड़ों की गिरने की संभावना से नुकसान की आशंका बनी हुई है, उन्हें सुरक्षित करने के लिए भी हर कदम समयबद्ध उठाए जाएं।
उपायुक्त ने नगर निगम शिमला के अधिकारियों को आपदा प्रबंधन से संबंधित हर रिपोर्ट रोजना जिला आपदा प्रबंधन को प्रदान करने के निर्देश दिये।
उन्होंने विद्युत बोर्ड लिमिटेड को सड़कों के उपर लटक रही विद्युत तारों का रख रखाव भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिये, ताकि किसी भी आपदा के दौरान वहां पर अग्निशमन व अन्य वाहनों के आवागमन में किसी तरह का कोई अवरोध उत्पन्न न हो।
उपायुक्त ने जिला के सभी उपमंडलाधिकारियों को भारी बरसात के दौरान सभी जरूरी कदम समयबद्ध उठाने के निर्देश दिये।
उन्होंने नगर निगम तथा लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को सड़कों पर विभिन्न तरह के निर्माण व मुरम्मत कार्य शुरू करने से पूर्व इसकी सूचना जिला प्रशासन और पुलिस विभाग को भी प्रदान करने के निर्देश दिये, ताकि यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो।
उन्होंने मानसून के दौरान विभिन्न तैयारियों की समीक्षा भी की तथा अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश भी दिये।
बैठक में जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।