उम्मीद करता हूं पाकिस्तान अपनी प्रकृति में सुधार लाएगा: राजनाथ सिंह।
सिंह ने कहा कि सरकार सीमा बुनियादी ढांचा को उन्नत करने की दिशा में कार्य कर रही है और सीमाई इलाकों में 600 किलोमीटर से अधिक लंबी सड़कों का निर्माण किया जा रहा है तथा सैकड़ों सीमा चौकियों का निर्माण किया गया है।
(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : पाकिस्तान से लगती अंतरराष्ट्रीय सीमा पर दो ‘स्मार्ट फेंसिंग’ परियोजनाओं को लॉन्च करते हुए केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार को उम्मीद जताई कि इस्लामाबाद में नई सरकार भारत के प्रति रवैये में बदलाव लाएगी। सिंह से पूछा गया कि क्या वह इमरान खान के नेतृत्व में पाकिस्तान में नई सरकार के गठन के बाद वहां के रवैये में कोई बदलाव की उम्मीद करते हैं। उन्होंने कहा, मुझे नहीं लगता कि पाकिस्तान की प्रकृति में कोई बदलाव आएगा। मैं भगवान से प्रार्थना करता हूं कि बदलाव आए। मैं उम्मीद करता हूं कि यह बदलाव पहले से बेहतर हो। वह कंपरेहेंसिव इंटीग्रेटेड बार्डर मैनेजमेंट सिस्टम (सीआईबीएमएस) के अंतर्गत सीमा पर बाड़ लगाने की दो ‘स्मार्ट’ परियोजनाओं को लांच करने के बाद पलौरा में बीएसएफ मुख्यालय में मीडिया से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भारत ने पाकिस्तान के साथ संबंध बनाए रखने के लिए अधिकतम प्रयास किए हैं। गृहमंत्री ने कहा, हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी केवल संबंध बेहतर करने के लिए ही प्रोटोकॉल तोड़कर पाकिस्तान गए थे। अगर पाकिस्तान उस प्रयास के बाद भी समझने की कोशिश नहीं कर रहा है तो क्या किया जा सकता है। सिंह ने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि वे जम्मू-कश्मीर में आगामी पंचायत एवं शहरी निकाय संस्था के चुनाव में हिस्सा लें। सिंह की यह अपील राज्य की दो प्रमुख क्षेत्रीय पाटियों नेशनल कांफ्रेंस (एनसी) एवं पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) के इन चुनावों में हिस्सा नहीं लेने की घोषणा के बाद आई है। दोनों दलों ने घोषणा की कि वे चुनाव में हिस्सा नहीं लेंगे क्योंकि केन्द्र ने संविधान के ‘अनुच्छेद 35ए’ पर अपना रुख स्पष्ट नहीं किया है। यह मामला अभी सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन है। उन्होंने कहा, मैं इन पार्टियों से इन चुनावों में शामिल होने की अपील करता हूं क्योंकि लोगों से सीधे संपर्क स्थापित करने का केवल यही तरीका है। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीएम) ने भी जम्मू-कश्मीर के पंचायत और स्थानीय निकाय चुनाव का बहिष्कार करने का सोमवार को ऐलान किया। मुख्यधारा की पार्टियों की ओर से विरोध के बावजूद चुनाव कराने के लिए केंद्र की आलोचना करते हुए सीपीएम के राज्य सचिव गुलाम नबी मलिक ने कहा, मुख्यधारा की पार्टियों की ओर से चुनाव में हिस्सा नहीं लेने के फैसले के बावजूद पंचायत और शहरी स्थानीय निकायों के चुनाव कराने का निर्णय भाजपा नीत केंद्र सरकार का घमंड दिखाता है। एनसी और पीडीपी के बाद सीपीएम तीसरी ऐसी पार्टी है जिसने चुनाव में हिस्सा नहीं लेने का निर्णय किया है। ये चुनाव अगले महीने होना है। इससे पहले सिंह ने यहां भारत-पाक सीमा के निकट बाड़ लगाने की दो आधुनिक प्रायोगिक परियोजनाओं (स्मार्ट फेंसिंग) का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा, सीमा सुरक्षा हमारी पहली प्राथमिकता है। मैं आज सीआईबीएमएस (व्यापक एकीकृत सीमा प्रबंधन प्रणाली) के तहत दो प्रायोगिक परियोजनाओं का उद्घाटन कर खुश हूं। उन्होंने कहा, हमने पहले ही सभी सीमाओं पर कुछ संवेदनशील क्षेत्रों और खाली स्थानों की पहचान कर ली है। दोनों सीआईबीएमएस परियोजना जम्मू में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास 5- 5 किलोमीटर के विस्तार को कवर करती है। यह अपने तरह की पहली उच्च प्रौद्योगिकी वाली निगरानी प्रणाली है। सिंह ने कहा कि इसके समुचित कार्यप्रणाली की निगरानी करने के बाद नई बाड़ों को 2,026 किलोमीटर के अतिसंवेदनशील सीमा क्षेत्र में लगाया जाएगा। उन्होंने कहा, ‘शुरू में सीआईबीएमएस परियोजना सीमा पर भौतिक बाड़ में खाली स्थान को भरने के लिए लागू होगी। इसके बाद इस तकनीकी समाधान को समूची सीमा पर लागू किया जाएगा।’ उन्होंने कहा, जब मैंने इजरायल की यात्रा की तो वहां यह प्रणाली देखी और उसके बाद तत्काल हमने इस प्रणाली पर काम करना शुरू किया। जानकारी के आधार पर प्रणाली फूलप्रूफ है। मैंने यहां ऐसी दो परियोजनाओं को लांच किया है। हम असम में ऐसे ही 60 किलोमीटर की पायलट परियोजना को लांच करेंगे।
सिंह ने कहा कि सरकार सीमा बुनियादी ढांचा को उन्नत करने की दिशा में कार्य कर रही है और सीमाई इलाकों में 600 किलोमीटर से अधिक लंबी सड़कों का निर्माण किया जा रहा है तथा सैकड़ों सीमा चौकियों का निर्माण किया गया है। स्मार्ट फेंसिंग की कार्यप्रणाली
भारत-पाक सीमा पर लगने वाले हाईटेक सर्विलांस सिस्टम की मदद से जमीन, पानी और हवा में एक अदृश्य इलेक्ट्रानिक बैरियर तैयार किया जा सकता है। भारत में इसकी मदद से सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) को घुसपैठियों को पहचानने और इसको रोकने में मदद मिलेगी। स्मार्ट फेंस में सतर्कता, निगरानी, संचार और डाटा स्टोरेज के लिए कई उपकरण लगे होते हैं। इसमें थर्मल इमेजर, अंडरग्राउंड सेंसर, फाइबर ऑप्टिकल सेंसर, रडार और सोनार जैसे बेहद खास और हाईटेक उपकरण स्मार्ट फेंस में विभिन्न स्थानों पर लगाए जाते हैं। लेजर फेंस में अन्य उपकरण जोड़कर एक अदृश्य इलेक्ट्रानिक दीवार बनाई जाती है। इस अत्याधुनिक बाड़ के सीसीटीवी चित्र तत्काल बीएसएफ चौकी में पहुंचेंगे। सुरंग, रडार और सोनार सिस्टम से सीमा पर नदी के किनारों को सुरक्षित किया जा सकेगा। कमांड और कंट्रोल सिस्टम सभी सर्विलांस उपकरणों से डाटा को रियल टाइम में रिसीव करेंगे। इंफ्रा-रेड और लेजर बेस्ड इंट्रूजन डिटेक्टर्स जमीन और नदी के आसपास के क्षेत्रों में एक अदृश्य दीवार का काम करेंगे जबकि सोनार सिस्टम नदी के रास्ते घुसपैठ की कोशिशों को पकड़ लेगा। ऐरोस्टेट तकनीक आसमान में किसी भी हरकत पर नजर रखेगी। सुरंग के रास्ते घुसपैठ की कोशिशों को नाकाम करने के लिए भूमिगत सेंसर लगातार निगरानी करेंगे।