गणतंत्र दिवस पर मुख्य अतिथि बनने से ट्रम्प ने किया इनकार, मुख्य अतिथि की तलाश में जुटा भारत

2019 के गणतंत्र दिवस समारोह में भारत का जोर ट्रम्प को बुलाने पर ही था

(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ)  : गणतंत्र दिवस परेड में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होने से अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प इनकार कर चुके हैं। इसके बाद भारत ने नए मुख्य अतिथि की तलाश शुरू कर दी है। सरकार के सूत्रों के मुताबिक, तीन देशों के नेताअों पर विचार किया जा रहा है। व्हाइट हाउस ने सफाई देते हुए कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति ने पहले से तय कार्यक्रम के चलते भारत का दौरा रद्द किया है।एक अफसर के मुताबिक- गणतंत्र दिवस पर मुख्य अतिथि तय करने में काफी कम वक्त रह गया है। इस प्रक्रिया को जल्द पूरा कर लिया जाएगा। ट्रम्प ने स्टेट ऑफ द यूनियन स्पीच का हवाला देते हुए गणतंत्र दिवस समारोह में शिरकत करने से मना कर दिया है।2019 के गणतंत्र दिवस समारोह में भारत का जोर ट्रम्प को बुलाने पर ही था। हाल ही में भारत-रूस के बीच एस-400 मिसाइल डिफेंस सिस्टम डील के चलते भारत-अमेरिका संबंधों में तनाव आया। माना जा रहा है कि अमेरिका काउंटरिंग अमेरिकाज एडवर्सरीज थ्रू सेंक्शंस एक्ट (काट्सा) के तहत भारत पर प्रतिबंध लगा सकता है। भारत का मकसद ट्रम्प को समारोह में बुलाकर तनाव कम करना था।सूत्रों की मानें तो भारत ने अब नए मुख्य अतिथि के तौर पर तीन राष्ट्राध्यक्षों के नाम शॉर्टलिस्ट किए हैं। इसी साल जुलाई में व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी सारा सैंडर्स ने कहा था कि ट्रम्प को भारत दौरे का न्योता मिला है, लेकिन इस बारे में अब तक कोई फैसला नहीं लिया गया है।व्हाइट हाउस के मुताबिक- राष्ट्रपति का स्टेट ऑफ द यूनियन भाषण हर साल आयोजित होता है। इसमें राष्ट्रपति कांग्रेस (अमेरिकी संसद) के दोनों सदनों को संबोधित करते हैं। भारत के गणतंत्र दिवस समारोह के आसपास ही स्टेट ऑफ द यूनियन कार्यक्रम होता है।भारत की तरफ से हर साल गणतंत्र दिवस समारोह में दुनिया के नेताओं को न्योता दिया जाता है। 2015 में तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा मुख्य अतिथि थे। 2018 में 10 आसियान देशों के राष्ट्राध्यक्ष समारोह का हिस्सा बने।2014 में जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे और 2016 में फ्रांस के तत्कालीन राष्ट्रपति फ्रांसुआ ओलांद गणतंत्र दिवस परेड में मुख्य अतिथि रहे। निकोलस सरकोजी (फ्रांस), व्लादिमीर पुतिन, नेलसन मंडेला, जॉन (पूर्व ब्रिटिश प्रधानमंत्री) और मोहम्मद खातमी (ईरान) भी समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हो चुके हैं।

Leave A Reply