(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : शिमला। पालमपुर के झरेट-घनेटा के जंगल से गुजर रही सड़क के पास मादा तेंदुआ मरी हुई मिली। तेंदुए की मौत गोली लगने से हुई है। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक झरेट-घनेटा के जंगल के बीच गुजर रही सड़क के पास लोगों ने एक मरा हुआ तेंदुआ देखा। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस और वन विभाग को दी। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम और धीरा चौकी के प्रभारी जितेंद्र के नेतृत्व में पुलिस की टीम ने मृत तेंदुए को अपना कब्जे में ले लिया। प्रथम दृष्टि में पाया गया कि मादा तेंदुए की बंदूक की गोली लगने से मौत हुई है। तेंदुए को गोली कब और कहां पर मारी गई है, इसका पता अभी नहीं चल पाया है। तेंदुए को कितनी गोली के छर्रे लगे होंगे, इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। डीएफओ पालमपुर वीके यादव ने कहा कि तेंदुए का पोस्टमार्टम करवा लिया है, जबकि इसकी शिकायत पुलिस में दर्ज करवा दी गई है। तेंदुए को बंदूक की गोली से मारा गया है। थाना प्रभारी भवारना सुरेंद्र ठाकुर ने बताया कि पुलिस की टीम घटनास्थल पर गई थी। मादा तेेंदुए की मौत बंदूक की गोली लगने से हुई है। अब तेंदुए को कितनी गोलियां लगी हैं, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। उन्होंने कहा कि पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ पशु अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है।