(न्यूज़लाइवनाउ-India) ज्ञानपीठ पुरस्कार से सम्मानित प्रख्यात साहित्यकार विनोद कुमार शुक्ल का निधन हो गया। वे रायपुर स्थित एम्स अस्पताल में भर्ती थे और 89 वर्ष की आयु में उन्होंने अंतिम सांस ली।
हिंदी साहित्य के वरिष्ठ रचनाकार और ज्ञानपीठ सम्मान से अलंकृत विनोद कुमार शुक्ल का 89 वर्ष की आयु में निधन हो गया। रायपुर स्थित एम्स प्रशासन के अनुसार, उन्होंने मंगलवार, 23 दिसंबर 2025 की शाम लगभग 4:58 बजे अंतिम सांस ली। बीते माह 1 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनसे फोन पर बातचीत कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली थी।
रायपुर एम्स में भर्ती
विनोद कुमार शुक्ल के पुत्र शाश्वत शुक्ल ने जानकारी दी कि सांस संबंधी परेशानी बढ़ने पर उन्हें इसी माह की 2 तारीख को रायपुर एम्स में भर्ती कराया गया था। परिवार में उनकी पत्नी, बेटे शाश्वत और एक बेटी हैं। शाश्वत के अनुसार, शुक्ल का पार्थिव शरीर पहले उनके निवास पर ले जाया जाएगा और अंतिम संस्कार से जुड़ी विस्तृत जानकारी जल्द साझा की जाएगी।
उन्होंने यह भी बताया कि अक्टूबर 2025 में सांस लेने में दिक्कत के चलते विनोद कुमार शुक्ल को रायपुर के एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया था। स्वास्थ्य में सुधार होने पर उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी और तब से उनका उपचार घर पर ही चल रहा था। लेकिन 2 दिसंबर 2025 को अचानक हालत ज्यादा बिगड़ने पर उन्हें दोबारा रायपुर एम्स ले जाया गया, जहां उनका इलाज किया जा रहा था।
और खबरों के लिए हमें फॉलो करें Facebook पर।
Comments are closed.