(न्यूज़लाइवनाउ-Maharashtra) महाराष्ट्र के नासिक जिले में शनिवार रात से रविवार सुबह तक भूकंप के दो हल्के झटके महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के अनुसार, शनिवार रात करीब 10 बजे 4.3 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। इसके बाद रविवार सुबह 5 बजकर 33 मिनट पर 3.3 तीव्रता का एक और झटका आया। लगातार महसूस हुए कंपन से कई इलाकों में लोग घबरा गए और सुरक्षा के लिए अपने घरों से बाहर निकल आए।
कुछ मकानों की दीवारों में आई दरार
भूकंप के प्रभाव से जिले के कुछ हिस्सों में मकानों की दीवारों में दरारें आने की सूचना है। अधिकारियों के मुताबिक, सुरगाणा तहसील के भादर और दिंडोरी तहसील के नानाशी गांव में कुछ घरों को मामूली नुकसान पहुंचा है। हालांकि, अभी तक किसी व्यक्ति के घायल होने या जान गंवाने की सूचना नहीं मिली है।
महाराष्ट्र-गुजरात सीमा के पास था केंद्र
अधिकारियों के अनुसार, भूकंप का केंद्र महाराष्ट्र और गुजरात की सीमा के समीप हटगढ़ पर्वत श्रृंखला के आसपास भानवाड़ क्षेत्र में था। भूकंपीय गतिविधि जमीन के करीब 5 किलोमीटर नीचे दर्ज की गई।
इन इलाकों में महसूस हुए झटके
भूकंप के कंपन नासिक शहर के अलावा सुरगाणा, कलवण, देवला, चांदवड़, पेठ, दिंडोरी और निफाड़ तहसील के कुछ हिस्सों में महसूस किए गए। अचानक घरों के हिलने से लोग सहम गए और कई परिवार बाहर निकल आए।
बांधों की भी हुई जांच
भूकंप के बाद प्रशासन ने संभावित नुकसान का जायजा लेना शुरू किया। अधिकारियों ने इलाके में मौजूद बांधों का भी निरीक्षण किया, लेकिन किसी बांध में नुकसान की जानकारी सामने नहीं आई है।जिला कलेक्टर आयुष प्रसाद ने लोगों से घबराने के बजाय सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि नागरिक अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जरूरी सावधानियां बरतें।
पहले भी दर्ज हो चुके हैं झटके
नासिक जिले में भूकंपीय गतिविधियां इससे पहले भी दर्ज की जा चुकी हैं। अधिकारियों के मुताबिक, 25 से 28 जुलाई के बीच और फिर 6 अगस्त को भी इलाके में भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। लगातार हो रही गतिविधियों को देखते हुए प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
Comments are closed.