प्रकृति का कहर… वैष्णो देवी मार्ग पर भूस्खलन से मची तबाही, 32 श्रद्धालुओं की मौत, आज भी भारी वर्षा का अलर्ट

(न्यूज़लाइवनाउ-J&K) जम्मू-कश्मीर के कटरा स्थित वैष्णो देवी धाम के पास लगातार हो रही मूसलधार बारिश के चलते बड़ा भूस्खलन हुआ है। इस हादसे में अब तक 32 यात्रियों की जान जा चुकी है, जबकि 20 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। रियासी जिले के एसएसपी परमवीर सिंह ने इस घटना की पुष्टि की।

माता वैष्णो देवी के पवित्र धाम की ओर जाने वाले मार्ग पर अर्द्धकुंवारी के निकट इंद्रप्रस्थ भोजनालय के पास अचानक पहाड़ खिसक गया। त्रिकुटा पर्वत पर स्थित यात्रा मार्ग का बड़ा हिस्सा मलबे में दब गया है। संभावना जताई जा रही है कि मलबे के नीचे अभी और लोग फंसे हो सकते हैं। सेना और प्रशासन की टीमें राहत व बचाव अभियान में जुटी हुई हैं।

लगातार हो रही बारिश से जम्मू-कश्मीर में भूस्खलन और बाढ़ जैसी गंभीर स्थिति बन गई है। कई ओवरब्रिज ढह चुके हैं, विद्युत आपूर्ति और मोबाइल सेवाएं प्रभावित हुई हैं। तीन बड़े पुल क्षतिग्रस्त हो गए हैं।

भारी आपदा को देखते हुए मंगलवार से माता वैष्णो देवी यात्रा रोक दी गई है। बताया जा रहा है कि 2014 के बाद (लगभग 11 वर्ष) क्षेत्र ने इतनी भयंकर आपदा का सामना किया है। चार दिनों से लगातार जारी बारिश ने पूरे संभाग का जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। प्रमुख नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं और प्रभावित इलाकों से लोग सुरक्षित जगहों पर शरण लेने को मजबूर हैं।

जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग बंद, रेल और हवाई सेवाएं प्रभावितरामबन जिले में 12 स्थानों पर भूस्खलन होने के कारण जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पूरी तरह बंद कर दिया गया है। चक्की पुल, पठानकोट के पास बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं, जिस वजह से जम्मू, उधमपुर और कटरा आने वाली 18 ट्रेनें रद्द करनी पड़ीं। इसके साथ ही जम्मू से श्रीनगर जाने वाली दो हवाई उड़ानें भी निरस्त कर दी गईं।

Comments are closed.