चंद्रयान-3: दो करोड़ से अधिक छात्रों ने UP में देखी सफल लैंडिंग, शाम को पहली बार खोले गए स्कूल

(एन एल एन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ): उत्तर प्रदेश के स्कूलों में चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग का लाइव प्रसारण किया गया। इस अवसर पर प्रदेश के दो करोड़ से अधिक छात्रों ने इस ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बने।उत्तर प्रदेश के बेसिक शिक्षा विभाग ने चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के लिए बुधवार को पहली बार शाम को विद्यालय खोले। स्कूलों में विशेष सभा का आयोजन किया गया और बच्चों को चंद्रयान-3 के बारे में जानकारी दी गई। इसके बाद चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग का लाइव प्रसारण किया गया।

प्रदेश के महानिदेशक स्कूल शिक्षा विजय किरन आनंद ने कहा कि चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के लाइव प्रसारण से बच्चों को अंतरिक्ष विज्ञान के बारे में जानकारी मिली। उन्होंने कहा कि यह एक ऐतिहासिक क्षण था और बच्चों ने इसकी खुशियां मनाईं। चंद्रयान-3 के लैंडर और रोवर ने 23 अगस्त 2023 को चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव क्षेत्र के पास सफलतापूर्वक उतरने में सफलता प्राप्त की। इससे भारत चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव के पास सफलतापूर्वक अंतरिक्ष यान उतारने वाला पहला देश और चंद्रमा पर सॉफ्ट-लैंडिंग करने वाला चौथा देश बन गया।

शासन ने इस खास दिन के लिए पहली बार शाम को विद्यालय खोले और स्कूलों में विशेष सभा का आयोजन किया गया। स्कूलों में चंद्रयान-3 के सीधा प्रसारण के लिए प्रोजेक्टर, टीवी की व्यवस्था की गई वहीं स्मार्ट क्लास व लैपटॉप पर भी इसे बच्चों को दिखाने की व्यवस्था की गई थी। इसे लेकर बच्चों और शिक्षकों में भी काफी उत्साह दिखा। आज बच्चों को सुबह क्लास में चंद्रयान और आने वाले दिनों में इससे होने वाले लाभ के बारे में भी बताया गया।

Comments are closed.