प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को 73वें जन्मदिन पर हार्दिक शुभकामनाएं दीं
(न्यूज़लाइवनाउ-Russia) इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने पुतिन के अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की। दोनों नेताओं ने भारत-रूस के बीच चल रहे द्विपक्षीय सहयोग की प्रगति पर चर्चा की और विशेष एवं विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी को और सशक्त बनाने के अपने संकल्प को दोहराया। पीएम मोदी ने कहा कि वह जल्द ही भारत में होने वाले 23वें वार्षिक भारत-रूस शिखर सम्मेलन में राष्ट्रपति पुतिन का स्वागत करने के लिए उत्सुक हैं।
दिसंबर में भारत यात्रा पर आ सकते हैं पुतिन
सूत्रों के मुताबिक, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन आगामी 5 दिसंबर को भारत दौरे पर आ सकते हैं। नई दिल्ली में आयोजित होने वाले वार्षिक शिखर सम्मेलन के दौरान उनकी मुलाकात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से होगी, जहां दोनों नेता रक्षा, ऊर्जा, व्यापार और सुरक्षा जैसे अहम विषयों पर बातचीत करेंगे।
हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि पुतिन का दौरा एक दिन का होगा या दो दिनों का। उनकी यात्रा से पहले नवंबर में रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव भारत आएंगे और बैठक से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा करेंगे।
भारत और रूस के बीच हर वर्ष शीर्ष स्तर की वार्ता आयोजित होती है। अब तक दोनों देशों के बीच 22 शिखर बैठकें हो चुकी हैं। पिछले वर्ष जुलाई में प्रधानमंत्री मोदी मॉस्को गए थे, जबकि पुतिन वर्ष 2021 में भारत आए थे। इस बार दोनों देशों के बीच सैन्य और तकनीकी सहयोग पर खास फोकस रहेगा।
S-400 सौदे पर भी चर्चा की संभावना
जानकारी के अनुसार, भारत रूस से अतिरिक्त एस-400 वायु रक्षा प्रणाली खरीदने पर विचार कर सकता है। 2018 में भारत ने पांच यूनिट के लिए करीब 5 अरब डॉलर का समझौता किया था, जिसमें से तीन रेजिमेंट पहले ही मिल चुकी हैं और बाकी दो अगले वर्ष तक आने की उम्मीद है। यह वही प्रणाली है जिसने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान पाकिस्तान के हवाई हमलों को नाकाम किया था।
कुछ दिन पहले राष्ट्रपति पुतिन ने प्रधानमंत्री मोदी की खुलकर सराहना की थी। उन्होंने पीएम मोदी को अपना “मित्र” बताते हुए कहा था कि उनके साथ बातचीत हमेशा सहज और परिणामकारी होती है। पुतिन ने मोदी के नेतृत्व वाली सरकार को राष्ट्रहित केंद्रित और व्यावहारिक बताया।
उन्होंने कहा कि सोवियत काल से ही भारत और रूस के रिश्ते मजबूत रहे हैं। पुतिन ने कहा, “जब भारत स्वतंत्रता के लिए संघर्ष कर रहा था, तब भी हमारे संबंध गहरे थे। भारत आज भी उन ऐतिहासिक रिश्तों को याद करता है और उनका सम्मान करता है, यह हमारे लिए गर्व की बात है।”
रूसी राष्ट्रपति ने आगे कहा कि नरेंद्र मोदी एक “संतुलित, दूरदर्शी और राष्ट्रवादी नेता” हैं, जिनके नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी स्थिति और भी सशक्त की है।
Comments are closed.