UNSC: आपात बैठक में उल्झे अमेरिका और रूस

(एनएलएन मीडिया-न्यूज़ लाइव नाऊ): सीरिया में आम लोगों पर हुए रासायनिक हथियारों के हमले को लेकर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) की एक आपात बैठक के दौरान अमेरिका और रूस आपस में उलझ गए। अमेरिका ने कहा कि रूसी सरकार के हाथ सीरियाई बच्चों के खून से रंगे हैं। वहीं रूस ने इन हमलों की खबरों को फर्जी करार दिया।
सीरिया के डूमा में नागरिकों पर रासायनिक हथियारों से हमले की खबरें सामने आने के बाद बुलाई गई यूएनएससी की इस आपात बैठक में सुरक्षा परिषद के सदस्यों और अधिकारियों ने ऐसे हथियारों के इस्तेमाल पर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसी घटनाओं से शीत युद्ध के बाद विश्व शक्तियों के बीच तनाव में तेजी से इजाफा हो सकता है।

संयुक्त राष्ट्र में अमेरिकी राजदूत निक्की हेली ने कहा कि वह सभी हत्याओं की तस्वीरें दिखा सकती हैं। सुरक्षा परिषद इन्हें देखे लेकिन इससे क्या होगा जब हमलों के जिम्मेदार दैत्यों की कोई अंतरात्मा ही नहीं बची है। मारे गए निरीह बच्चों की तस्वीरें देखकर भी वे पत्थर दिल लोग नहीं पिघलने वाले हैं।

वहीं संयुक्त राष्ट्र में रूसी राजदूत वैसिली नेबेंजिया ने कहा कि बिना जांच के ही हमले की जिम्मेदारी का बोझ रूस और ईरान पर डाला जा रहा है। जबकि डूमा में सरीन या क्लोरीन के इस्तेमाल की पुष्टि नहीं हुई। उन्होंने कहा कि ‘ऑर्गेनाइजेशन फॉर द प्रोहिबिशन ऑफ केमिकल वेपंस’ के विशेषज्ञों को तुरंत दमिश्क जाकर स्थितियों का निरीक्षण करनी चाहिए।

Leave A Reply