धाराशायी हुआ Infibeam का शेयर, 60 फीसद तक टूटा

कंपनी की तरफ से सफाई दिए जाने के बावजूद भी शेयरों में कोई रिकवरी नहीं हुई

(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : शेयर बाजार में जारी उठापटक के बीच इंफीबीम का शेयर 60 फीसद तक टूट गया है। कंपनी के एजीएम (वार्षिक महाधिवेशन) से ठीक पहले शेयर में आई इस गिरावट के कारणों के बारे में अभी तक स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है।इंफीबीम एवेन्यूज लिमिटेड का एजीएम 29 सितंबर को प्रस्तावित है। शुक्रवार को बीएसई में कंपनी का शेयर 68 फीसद से अधिक का गोता लगाते हुए 69.15 रुपये के निचले स्तर पर जा पहुंचा, जो अब तक का सबसे न्यूनतम स्तर है। कंपनी की तरफ से सफाई दिए जाने के बावजूद भी शेयरों में कोई रिकवरी नहीं हुई। बंबई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) को दी गई जानकारी में इंफीबीम ने कहा कि कंपनी के नतीजों पर असर डालने वाली सभी अहम जानकारियां समय पर दी जा चुकी है। कंपनी ने कहा, ‘उसने स्टॉक एक्सचेंज की तरफ से मांगी गई सभी जानकारी समय पर दी है। ऐसी कोई जानकारी लंबित नहीं है, जिसका असर शेयरों की कीमतों पर हो सकता है।’अहमदाबाद की यह कंपनी सॉफ्टवेयर डिवेलपमेंट सर्विसेज, मेंटनेंस, वेब डिवेलपमेंट, ई-कॉमर्स और अन्य सेवाओं को मुहैया कराती है। कंपनी मार्च 2016 में बाजार में लिस्ट हुई थी।

पिछले दो हफ्तों से शेयर बाजार में जारी गिरावट से निवेशकों को राहत मिलती नहीं नजर आ रही है। इससे पहले आईएलएंडएफएस संकट के सामने आने के बाद हाउसिंग फाइनेंस कंपनी डीएचएफएल के शेयरों में दिन भर के कारोबार के दौरान जहां 50 फीसद से अधिक की गिरावट आई थी, वहीं यस बैंक के शेयरों ने भी करीब 30 फीसद तक का गोता लगाया था।शुक्रवार को बीएसई में डीएचएफएल का शेयर करीब 6 फीसद की गिरावट के साथ 274 रुपये पर ट्रेड कर रहा है जबकि यस बैंक के शेयरों में 13.55 फीसद की गिरावट दर्ज की गई है।

Leave A Reply