लीबिया में बागी सेनाओं ने राजधानी की ओर किया कूच।
सशस्त्र बागी ताकतवर नेता जनरल खलीफा हफ्फार की संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरस से हुई मुलाकात के बेनतीजा रहने के बाद जनरल ने अपनी सेनाओं को त्रिपोली कूच का आदेश दे दिया।
(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : आठ साल पहले कर्नल मुअम्मर गद्दाफी की हत्या के बाद लगातार अस्थिर लीबिया में अब एक नया संकट खड़ा हो गया है। देश के सशस्त्र बागी ताकतवर नेता जनरल खलीफा हफ्फार की संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरस से हुई मुलाकात के बेनतीजा रहने के बाद जनरल ने अपनी सेनाओं को त्रिपोली कूच का आदेश दे दिया। उनकी सेनाएं राजधानी से 50 किलोमीटर दूर पहुंच चुकी हैं जहां संघर्ष जारी है। सबसे प्रमुख बात यह है कि हफ्फार ने अपनी सेना लीबियन नेशनल आर्मी को त्रिपोली पर चढ़ाई का आदेश उस वक्त दिया जब संयुक्त राष्ट्र महासचिव गुटेरस खुद यहीं मौजूद थे। जनरल हफ्फार ने ऐलान किया है कि आतंकवाद के खत्म होने तक उनका यह अभियान अब जारी रहेगा, जबकि राजधानी त्रिपोली में फिलहाल लीबिया की वैश्विक मान्यता प्राप्त सरकार पहले ही काम कर रही है। शुक्रवार को गुटेरस ने बेनगाजी जाकर हिंसा को टालने के लिए हफ्फार से मुलाकात भी की लेकिन इसका कोई परिणाम न निकलने के कारण यहां हालात बेहद खराब हो चले हैं। यहां एक तरफ तो जनरल हफ्फार की सेना त्रिपोली की तरफ बढ़ रही है और दूसरी तरफ पूर्वी शहर मिसराता से वैश्विक मान्यता प्राप्त सरकार केे समर्थक सशस्त्र गुटों ने भी त्रिपोली की सुरक्षा के लिए कूच कर लिया है। संयुक्त राष्ट्र के अलावा अमेरिका, रूस, फ्रांस और ब्रिटेन समेत कई देशों ने भी यहां शांति बरतने की अपील की है।