(न्यूज़लाइवनाउ-Andhra Pradesh) आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम ज़िले में शनिवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। काशीबुग्गा स्थित वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में अचानक उमड़ी भीड़ में भगदड़ मच गई। इस हादसे में नौ लोगों की जान चली गई, जबकि कई अन्य भक्त घायल हो गए।
सूत्रों के अनुसार, एकादशी के अवसर पर मंदिर में भारी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि मंदिर के प्रवेश द्वार पर अचानक लोगों की भीड़ अत्यधिक बढ़ने लगी, जिससे अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई और धक्का-मुक्की के कारण भगदड़ की नौबत आ गई। घायलों को तुरंत आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। रिपोर्ट्स का कहना है कि मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और राहत दल मौके पर पहुँचे तथा बचाव कार्य शुरू कर दिया। काशीबुग्गा सब-डिवीजन के डीएसपी लक्ष्मण राव ने बताया कि लगभग सुबह 11:30 बजे भगदड़ हुई, जिसमें नौ लोगों की मौत और दो लोगों के घायल होने की पुष्टि हुई है।
मुख्यमंत्री की प्रतिक्रिया
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने हादसे पर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा,
“काशीबुग्गा के वेंकटेश्वर मंदिर में हुई भगदड़ की घटना अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है। श्रद्धालुओं की मृत्यु से मैं गहरा शोक प्रकट करता हूँ। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि घायलों को तुरंत और बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जाए। स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को मौके पर पहुँचकर राहत कार्यों की निगरानी करने को कहा गया है।”
मुख्यमंत्री कार्यालय ने जानकारी दी कि एकादशी के अवसर पर भारी संख्या में पहुंचे भक्तों की भीड़ अचानक अनियंत्रित हो गई, जिसके कारण भगदड़ की स्थिति बन गई। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए तुरंत अस्पताल भेजा गया। राज्य के कृषि मंत्री के. अत्चन्नायडू भी घटना स्थल पर पहुँचे और अधिकारियों से विस्तृत विवरण लिया। साथ ही सुरक्षा के मद्देनज़र अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
Comments are closed.